अनूपपुर में 7 अगस्त को न्यूरोसर्जरी एवं कैंसर रोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर
अनूपपुर। जिले के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 7 अगस्त 2026, शुक्रवार को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में निःशुल्क न्यूरोसर्जरी एवं कैंसर रोग स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, रायपुर, लायंस क्लब तथा जिला चिकित्सालय अनूपपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श देंगे। न्यूरोसर्जन डॉ. अभिनंदो रॉय सिर की चोट (हेड इंजरी), स्ट्रोक, ब्रेन ट्यूमर, स्पाइनल ट्यूमर, डिस्क संबंधी समस्याओं, बाल न्यूरोसर्जरी तथा मस्तिष्क एवं रीढ़ की जटिल शल्य प्रक्रियाओं से जुड़े मरीजों को परामर्श देंगे।
वहीं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. मो रॉय स्तन कैंसर, थायरॉइड कैंसर, सिर एवं गर्दन के कैंसर, स्त्री रोग संबंधी कैंसर, पाचन तंत्र एवं हेपेटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी कैंसर सहित विभिन्न प्रकार के कैंसर रोगों के उपचार एवं शल्य चिकित्सा संबंधी विशेषज्ञ सलाह प्रदान करेंगे। साथ ही HIPEC एवं पेरिटोनियल सरफेस मैलिग्नेंसी जैसी जटिल बीमारियों के संबंध में भी मरीजों का मार्गदर्शन किया जाएगा।
शिविर के दौरान मरीजों के लिए निःशुल्क ईसीजी, बीपी तथा ब्लड शुगर जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आयोजन का उद्देश्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर मरीजों को उचित उपचार के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें बड़े शहरों के चक्कर लगाने से पहले ही सही सलाह मिल सके।
आयोजकों ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के ऐसे मरीजों से अपील की है, जो लंबे समय से सिर, रीढ़, नसों, ब्रेन ट्यूमर, कैंसर अथवा अन्य संबंधित समस्याओं से परेशान हैं, वे इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं। शिविर में पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए +91 6266558746 पर संपर्क किया जा सकता है। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल द्वारा सभी प्रमुख बीमा (इंश्योरेंस) कंपनियों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से बड़ी संख्या में मरीज लाभान्वित होंगे और उन्हें समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श प्राप्त होगा।