हरित अभियान की मुहिम को मिला युवाओं का साथ, लाल पहाड़ी पर रोपे भविष्य के पौधे
हरित अभियान की मुहिम को मिला युवाओं का साथ, लाल पहाड़ी पर रोपे भविष्य के पौधे
कटनी।। शहर को हराभरा और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा संचालित वृहद पौधारोपण अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में रविवार को लाल पहाड़ी परिसर में विजन समूह के युवाओं और नगर निगम के कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर आशुतोष मानके की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने केवल पौधे लगाने तक ही अपनी भागीदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में शिवांक सिंह, अनामिका चक्रवर्ती, हमजा शेख, शहनाज खान, फातिमा बी, ओम तिवारी, काव्या गुप्ता, दीक्षा गुप्ता, यश बेन सहित विजन समूह के अनेक सदस्य मौजूद रहे। युवाओं के उत्साह और सक्रिय सहभागिता ने अभियान को जनभागीदारी का सशक्त स्वरूप प्रदान किया।
नगर निगम वर्षा ऋतु के दौरान शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य हरित क्षेत्र का विस्तार, पर्यावरण संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना है। लाल पहाड़ी में लगाए गए पौधे भविष्य में शहर की हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नगर निगम ने लाल पहाड़ी के अलावा अमकुही जल शोधन संयंत्र एवं झिंझरी क्षेत्र को भी पौधारोपण के लिए चिन्हित किया है। इच्छुक नागरिक नगर निगम कार्यालय से संपर्क कर इन स्थलों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में अपनी भागीदारी निभा सकते हैं।
नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और संवर्धन भी किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है और यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो “हरित कटनी, स्वच्छ कटनी” का लक्ष्य शीघ्र ही साकार हो सकता है। नगर निगम ने सभी सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, युवा समूहों एवं आम नागरिकों से इस हरित अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया है, ताकि सामूहिक प्रयासों से शहर को अधिक स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।
