गौरेला में भारी बारिश से मकान की दीवार गिरी, बाकी दीवारों में भी आई दरार; पड़ोसियों ने घर कराया खाली
गौरेला। लगातार हो रही बारिश और पानी के निरंतर रिसाव के कारण गौरेला वार्ड क्रमांक 05 में सुरभि लॉज के पीछे स्थित मोहम्मद सफीक मंसूरी के मकान की एक दीवार अचानक गिर गई। दीवार गिरने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि अत्यधिक बारिश और लगातार पानी के रिसाव के चलते मकान की अन्य दीवारों में भी दरारें पड़ गई हैं। स्थानीय वार्डवासियों के अनुसार, बाकी दीवारों के भी कमजोर होने के कारण उनके गिरने की आशंका बनी हुई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास रहने वाले वार्डवासियों ने एहतियातन मोहम्मद सफीक मंसूरी के परिवार को घर खाली करवा दिया, ताकि किसी संभावित हादसे से जान-माल का नुकसान न हो। राहत की बात यह है कि दीवार गिरने की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से मौके का निरीक्षण कर प्रभावित मकान की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परिवार को आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।