लोकायुक्त की बड़ी कार्यवाही,पंचायत सचिव रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

0
(अनिल तिवारी)
शहडोल। जिले में भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसते हुए रीवा लोकायुक्त की 10 सदस्यीय टीम ने गुरुवार को सोहागपुर जनपद के पोंगरी पंचायत सचिव मंगेश्वर मिश्रा को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पंचायत भवन पोंगरी में की गई, जहां सचिव उपसरपंच अमृतलाल यादव से 15,000 रुपए की रिश्वत ले रहा था।
सूत्रों के अनुसार, पोंगरी पंचायत में जल गंगा संवर्धन योजना के तहत 2,37,000 रुपए के कार्य का बिल तैयार हुआ था, जिसका भुगतान कराने के एवज में सचिव ने रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित उपसरपंच ने 28 अक्टूबर को लोकायुक्त रीवा कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच कर ट्रैप की तैयारी की गई।
गुरुवार को योजना के मुताबिक लोकायुक्त टीम ने पंचायत भवन में छापा मारा और जैसे ही सचिव ने रिश्वत की रकम प्राप्त की, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों की भीड़ पंचायत परिसर में जमा हो गई और माहौल कुछ देर तक तनावपूर्ण रहा।
लोकायुक्त की टीम ने सचिव को मौके से गिरफ्तार कर शहडोल सर्किट हाउस लाया, जहां देर शाम तक पूछताछ की जा रही थी। टीम द्वारा मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर जब्ती पंचनामा तैयार किया गया। प्रारंभिक जांच में सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लोकायुक्त सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यह भी जांच की जा रही है कि पंचायत के अन्य निर्माण कार्यों में कहीं और गड़बड़ी या कमीशन की प्रथा तो नहीं चल रही थी। टीम के सदस्यों ने पंचायत भवन से कई दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
गौरतलब है कि शहडोल जिले में बीते कुछ हफ्तों से लगातार रिश्वत के मामले सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही धनपुरी क्षेत्र में भी एक कर्मचारी रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है और भ्रष्ट कर्मचारियों में भय का माहौल देखा जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पंचायत स्तर पर बढ़ते भ्रष्टाचार को रोकने के लिए ऐसी कार्रवाइयां बेहद जरूरी हैं। फिलहाल लोकायुक्त टीम मामले की लिखापढ़ी और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!