समय-सीमा बैठक में निगमायुक्त का कड़ा रुख लंबित प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई, अवैध मैरिज गार्डन पर गिरेगी गाज

0

समय-सीमा बैठक में निगमायुक्त का कड़ा रुख लंबित प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई, अवैध मैरिज गार्डन पर गिरेगी गाज
नगर निगम की समय-सीमा बैठक में आज निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार का सख्त रुख देखने को मिला। शहर के विकास कार्यों, लंबित प्रकरणों और विभागीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि काम में देरी बर्दाश्त नहीं होगी।
कटनी। नगर निगम की कार्यप्रणाली में तेजी लाने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने आयोजित समय-सीमा बैठक में सभी विभागों की शाखा-वार विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक की शुरुआत ई-नगरपालिका पोर्टल 2.0 परियोजना की प्रगति समीक्षा से हुई, जिसमें निगमायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित मॉड्यूल्स पर प्रशिक्षण प्राप्त कर्मियों से ही कार्यालयीन कार्य कराएं और संबंधित रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें।
निगम की जल प्रदाय, राजस्व, लोक निर्माण, अतिक्रमण, स्वास्थ्य, भवन अनुज्ञा, विद्युत, योजना एवं विधि शाखाओं के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने कहा कि जिन पत्रों का निराकरण किया जा चुका है, उनमें शिकायतकर्ताओं से बात कर पुष्टि की जाए तथा लंबित प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई कर संपूर्ण जानकारी सहित प्रतिवेदन दर्ज किया जाए।
नागरिक सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निगमायुक्त सुश्री परिहार ने समग्र से आधार ई-केवाईसी कार्य और निगम के बकाया करों की वसूली हेतु जोन कार्यालयों में शिविर आयोजित करने के निर्देश उपायुक्त एवं राजस्व अधिकारी को दिए। उन्होंने शिविरों के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया।
नगरीय क्षेत्र में आवासीय पट्टों के वितरण की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने पूर्व आदेशानुसार वार्डवार दलों द्वारा इस कार्य को गति प्रदान कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बरगवां मुख्य मार्ग के गड्ढों की फिलिंग कार्य की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने नगर के अन्य वार्डों में परफॉर्मेंस गारंटी के तहत किए गए कार्यों की जांच कर कमियों को दुरुस्त करने और शेष मुख्य मार्गों की मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश प्रभारी कार्यपालन यंत्री को दिए।
निगम की वर्कशॉप व्यवस्था को सुधारने हेतु संपूर्ण आकलन तैयार कर उपयुक्त स्थल और आवश्यक कर्मचारियों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। नगर में संचालित मैरिज गार्डन की जानकारी प्रस्तुत किए जाने पर पाया गया कि 23 में से 9 मैरिज गार्डन बिना अनुमति संचालन कर रहे हैं। इस पर निगमायुक्त ने अवैध रूप से संचालित मैरिज गार्डन पर नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
फिश पार्लर हेतु दो स्थलों के चयन, प्रेम नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चल रहे विद्युतीकरण कार्य, अतिक्रमण हटाने के निरंतर अभियान, सेप्टिक टैंक सफाई प्रक्रिया के प्रचार-प्रसार और आवारा मवेशियों पर प्रभावी कार्रवाई जैसे विषयों पर भी निगमायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता, प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल, रविशंकर पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!