स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ 14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा पुलिस मैदान में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने ली परेड की सलामी, फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से सुबह 9 बजे शुरू होगी तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ 14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
पुलिस मैदान में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने ली परेड की सलामी, फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से सुबह 9 बजे शुरू होगी तिरंगा यात्रा
कटनी।। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को झिंझरी स्थित पुलिस मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। वहीं स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से नागरिकों के बीच राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश पहुंचाया जाएगा।
झिंझरी स्थित पुलिस ग्राउंड में आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने ध्वजारोहण किया और खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य विशेष रूप से मौजूद रहे। सशस्त्र बल द्वारा हर्ष फायर किया गया। इसके बाद जिला पुलिस बल, जिला पुलिस बल महिला, वन विभाग, एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड के दलों ने शानदार परेड प्रस्तुत करते हुए अतिथि को सलामी दी। परेड के बाद अधिकारियों ने विभिन्न दलों के प्रमुखों से परिचय प्राप्त किया। रिहर्सल के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी प्रदर्शन किया गया। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में कलेक्टर आशीष तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।
इस अवसर पर एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम बहोरीबंद प्रदीप कुमार मिश्रा, तहसीलदार नगर अजीत तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पांडे, रक्षित निरीक्षक संध्या सिंह, सहायक संचालक शिक्षा राजेश अग्रहरि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा 14 अगस्त शुक्रवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ सुबह 9 बजे फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से होगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, एनसीसी, एनएसएस, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी। तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इस दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल नागरिक देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह यात्रा शहर में राष्ट्रभक्ति के उत्साह को और मजबूत करने के साथ नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
यह रहेगा तिरंगा यात्रा का मार्ग
तिरंगा यात्रा फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से शुरू होकर गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेर माता मंदिर, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, सुभाष चौक और मोहन टॉकीज रोड होते हुए वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।
अधिक से अधिक सहभागिता की अपील
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने नगरवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने और 14 अगस्त को आयोजित तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा में सहभागिता राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकजुटता और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को उत्साह, उमंग और गौरव के साथ मनाने का आह्वान किया है।