पुरवार कन्या विद्यालय को मिलेगी आधुनिक अधोसंरचना, 1.37 करोड़ से होगा नवीन भवन का निर्माण

0

पुरवार कन्या विद्यालय को मिलेगी आधुनिक अधोसंरचना, 1.37 करोड़ से होगा नवीन भवन का निर्माण
कटनी। नगरीय क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक अधोसंरचना उपलब्ध कराने की दिशा में नगर पालिक निगम प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। सिविल लाइन स्थित पुरवार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 1 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से नवीन भवन का निर्माण किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की तैयारी है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित भवन निर्माण की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर कई स्थानों की स्वयं माप कर नक्शे से स्थल का मिलान किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने विद्यालय के शिक्षकों से चर्चा कर छात्राओं की वर्तमान आवश्यकताओं, भवन के उपयोग तथा आवश्यक सुविधाओं के संबंध में सुझाव प्राप्त किए। प्राप्त सुझावों के आधार पर निगमायुक्त ने प्रस्तावित भवन की ड्राइंग एवं डिजाइन का मौके पर अवलोकन किया और आवश्यक संशोधन एवं व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण केवल अधोसंरचना तैयार करने तक सीमित न रहे, बल्कि छात्राओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित, सुविधायुक्त और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जाए। निरीक्षण के दौरान निगम के सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, शाला प्राचार्य दिनेश कुमार तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
शासकीय विद्यालयों की अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता
निगम प्रशासन द्वारा नगरीय सीमा के शासकीय विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत, रख-रखाव और अधोसंरचना विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। पुरवार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रस्तावित नवीन भवन इसी क्रम की महत्वपूर्ण कड़ी है। भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद छात्राओं को आवश्यक आधुनिक सुविधाओं के साथ अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

98 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली छात्रा पूजा का सम्मान


विद्यालय निरीक्षण के दौरान प्राचार्य श्री तिवारी ने निगमायुक्त सुश्री परिहार से विद्यालय की प्रतिभावान छात्रा कुमारी पूजा चौधरी की सौजन्य भेंट कराई। प्राचार्य ने बताया कि पूजा ने कक्षा 10वीं में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मध्यप्रदेश में 9वां स्थान तथा कटनी जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। निगमायुक्त ने पूजा की उत्कृष्ट उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे निरंतर मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रा को नगर एवं जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed