गरीब बैगा आदिवासी बच्चों के बीच मनाया गया राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी का जन्मदिन, वितरित की गई पुस्तकें और पेन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। राज्यसभा सांसद एवं अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी का जन्मदिन गुरुवार को सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की भावना के साथ बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव अफसर खान के नेतृत्व में गरीब बैगा आदिवासी बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें शिक्षा सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पुस्तकें, पेन एवं अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री भेंट की गई, जिससे वे अपनी शिक्षा को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास और सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। बच्चों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर जरूरतमंदों की सहायता करना एक सकारात्मक और अनुकरणीय पहल है।
प्रदेश महासचिव अफसर खान ने कहा कि राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी हमेशा सामाजिक न्याय, शिक्षा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करते रहे हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर गरीब बैगा आदिवासी बच्चों के बीच पहुंचकर शिक्षा सामग्री वितरित करना उनके विचारों और सेवा भावना को सम्मान देने का एक छोटा-सा प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी खुशी व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों ने इमरान प्रतापगढ़ी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।