निगम कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए राहत शिविर 24 अप्रैल को, एक ही छत के नीचे होगा समस्याओं का समाधान
निगम कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए राहत शिविर 24 अप्रैल को, एक ही छत के नीचे होगा समस्याओं का समाधान
कटनी।। नगर निगम प्रशासन द्वारा कर्मचारियों एवं पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से 24 अप्रैल 2026 को एक विशेष कर्मचारी समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नगर निगम कार्यालय के एमआईसी सभाकक्ष में आयोजित होगा।
शिविर के दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार स्वयं उपस्थित रहकर कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदनों पर सुनवाई करेंगी। इस पहल से कर्मचारियों को अपनी समस्याएं सीधे उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य निगम के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एक ही स्थान पर सरल एवं त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है, जिससे अनावश्यक विलंब और जटिल कार्यालयीन प्रक्रियाओं से राहत मिल सके।
उन्होंने निगम में कार्यरत सभी कर्मचारियों एवं पेंशनरों से अपील की है कि वे 24 अप्रैल को आयोजित इस शिविर में उपस्थित होकर अपने सेवा संबंधी प्रकरण, वेतन, पेंशन, जीपीएफ, अवकाश एवं अन्य समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराएं।