माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सरसवाही पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ, व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पौष्टिक भोजन और शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, अस्वस्थ छात्राओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ पर दिया विशेष जोर
माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सरसवाही पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ, व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पौष्टिक भोजन और शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, अस्वस्थ छात्राओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ पर दिया विशेष जोर
कटनी।। माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सरसवाही में गत दिवस छात्राओं की तबीयत खराब होने की घटना के बाद जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास प्रबंधन को छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने आवासीय परिसर, किचन, भंडार गृह, छात्रावास कक्ष, बिस्तर, स्नानगृह एवं प्रसाधन गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्राओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण, ताजा एवं गरम भोजन, पौष्टिक नाश्ता तथा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पूरे परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
सुश्री कौर ने कहा कि बारिश के मौसम में खान-पान और स्वच्छता में थोड़ी सी भी लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। इसलिए सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त एवं व्यवस्थित रखा जाए।
इस दौरान एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी एवं आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक विमल चौरसिया भी उपस्थित रहे। सीईओ ने अस्वस्थ छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सुश्री कौर ने छात्राओं से व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने छात्राओं को बारिश के मौसम में संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल और व्यक्तिगत साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। सीईओ ने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के समय परिसर के प्राचार्य, छात्रावास अधीक्षिका तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।