माइनिंग कॉन्क्लेव से कटनी बनेगा खनिज आधारित उद्योगों का हब प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह बोले – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नई औद्योगिक संभावनाओं को मिल रही दिशा
माइनिंग कॉन्क्लेव से कटनी बनेगा खनिज आधारित उद्योगों का हब
प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह बोले – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नई औद्योगिक संभावनाओं को मिल रही दिशा
कटनी।। प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में कटनी में आयोजित माइनिंग कॉन्क्लेव जिले के लिए विकास का नया अध्याय साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध कटनी में खनिज आधारित उद्योगों के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है।
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, प्रणय प्रभात पाण्डेय, धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नल-जल योजनाओं में लापरवाही पर सख्त निर्देश
प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण नल-जल योजनाओं का कार्य पूर्ण हुए बिना ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित न किया जाए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों द्वारा खोदी गई सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य पूरा होने के बाद ही योजनाओं का हस्तांतरण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को परेशानी न उठानी पड़े।
जलगंगा संवर्धन अभियान में जनभागीदारी से बड़ी सफलता
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि जलगंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में जनसहयोग से जल संरक्षण एवं संवर्धन के 9 हजार से अधिक कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें लगभग 6600 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 2500 से अधिक कार्य प्रगतिरत हैं। वहीं जल स्रोतों के निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े 3 हजार से अधिक कार्य पूरे हो चुके हैं।
प्रभारी मंत्री ने नदी सफाई जैसे पुनीत कार्यों में माइनिंग व्यवसायियों और नगर निगम के ठेकेदारों से भी सहयोग लेने की बात कही। कलेक्टर आशीष तिवारी ने जानकारी दी कि कटनी नदी सहित अन्य जल संरचनाओं का सीमांकन कराया जाएगा।
खदानों के पानी से शहर की जलापूर्ति का सुझाव
बैठक में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने सुझाव दिया कि शहरी क्षेत्र की ऐसी खदानें जिनमें वर्षभर पानी रहता है, उन्हें बंद करने के बजाय गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था और नगर जलापूर्ति के लिए उपयोग में लाया जाए। इस सुझाव को बैठक में सकारात्मक पहल के रूप में देखा गया।
सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने चलाया जाएगा अभियान
प्रभारी मंत्री ने जिले में सरकारी स्कूलों में छात्रों का नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मानकों का पालन नहीं करने वाले निजी स्कूलों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष जिले का दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 3.5 प्रतिशत बेहतर रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं में जिले ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जिले ने एचपीवी टीकाकरण अभियान में समय से पहले 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत भी की गई है।
विजयराघवगढ़, कटनी, बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा क्षेत्र में हैंड होल्ड एवं स्थायी एक्सरे मशीनों के माध्यम से टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है। प्रभारी मंत्री ने अस्पतालों में पार्किंग और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
मनरेगा में 35 लाख श्रम दिवस का रोजगार
बैठक में बताया गया कि मनरेगा योजना के अंतर्गत जिले में श्रमिकों को 35 लाख श्रम दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया गया है। साथ ही महिला एवं बाल विकास, कृषि, लोक निर्माण, जल संसाधन, नगर निगम, राजस्व एवं अन्य विभागों के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
इसके अलावा बैठक में गेहूँ-चना एवं मसूर उपार्जन, महिला एवं बाल विकास, नगर निगम, कृषि विभाग, सेतु निर्माण, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, एनव्हीडीए, जल संसाधन एवं राजस्व विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, सहायक कलेक्टर श्लोक वायकर, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उईके सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।