मसुरहा घाट में प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया श्रमदान, दिया जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल होकर नदी से निकाली जलकुंभी, बोले–कटनी की पहचान उसकी नदियां और जल संरचनाएं

0

मसुरहा घाट में प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया श्रमदान, दिया जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश
जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल होकर नदी से निकाली जलकुंभी, बोले–कटनी की पहचान उसकी नदियां और जल संरचनाएं
कटनी।। जिले में चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान को शनिवार को उस समय नई ऊर्जा मिली, जब प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह मसुरहा घाट पहुंचे और स्वयं श्रमदान कर कटनी नदी से जलकुंभी निकालने के कार्य में सहभागिता की। प्रभारी मंत्री ने आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों के साथ घाट पर श्रमदान कर जल संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कटनी की पहचान उसकी नदियों और जल संरचनाओं से है, इसलिए इनका संरक्षण और पुनर्जीवन हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण में कटनी को अग्रणी बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि शासन और प्रशासन के प्रयास तभी सफल होंगे, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस अभियान से जुड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इसी उत्साह और सहभागिता से कटनी स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों और युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता प्रेरणादायी है। इंदौर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवन शैली बनाना होगा।
नदी-तालाबों की सफाई के लिए खरीदी जाएगी अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने घोषणा करते हुए कहा कि कटनी जिले के नदी-तालाबों की साफ-सफाई और संरक्षण के लिए अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन खरीदी जाएगी, जिससे जल स्रोतों की नियमित सफाई और संरक्षण कार्य को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मसुरहा घाट में कटनी नदी की धारा अविरल बनी रहे, इसके लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल पर शुरू हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में जल संरक्षण के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं और कटनी भी इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।


6 करोड़ की लागत से बने एसटीपी प्लांट का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने मसुरहा घाट स्थित लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नव निर्मित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से प्लांट की कार्यप्रणाली, गंदे पानी के शोधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल और स्वच्छ पर्यावरण के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग समय की आवश्यकता है।


महापौर बोलीं –“जल गंगा संवर्धन अभियान भविष्य सुरक्षित करने का संकल्प”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा कुओं की सफाई, नदी सफाई, सोक पिट निर्माण और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
महापौर ने जानकारी दी कि कटाए घाट क्षेत्र में लगभग 480 मीटर नदी की सफाई का कार्य पूर्ण किया जा चुका है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही अमृत योजना के तहत सीवरेज एवं जल प्रदाय व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की।
स्वच्छता शपथ और सफाई मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी आमजनों को दी गई तथा उपस्थित लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने वाले 10 उत्कृष्ट सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। उन्हें केप, गमबूट एवं यूनिफॉर्म वितरित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्षद और सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद
इस दौरान उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री आसित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, उपयंत्री संजय मिश्रा, मृदुल श्रीवास्तव, सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन जिला पंचायत, नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी, विभिन्न समाजसेवी संगठन के सदस्य, स्थानीय गणमान्य नागरिकों की भारी संख्या में मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed