वर्षाकालीन तैयारियों और पेयजल व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त का मैदानी निरीक्षण जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान के निर्देश, नर्मदा जल परियोजना की प्रगति भी परखी

0

वर्षाकालीन तैयारियों और पेयजल व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त का मैदानी निरीक्षण
जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान के निर्देश, नर्मदा जल परियोजना की प्रगति भी परखी
कटनी। आगामी वर्षाकाल को देखते हुए नगर में जलभराव, जल निकासी एवं पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने निगम अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक मैदानी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वर्षा पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, जे.पी. सिंह बघेल, शैलेन्द्र प्यासी, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
नालों की सफाई युद्धस्तर पर करने के निर्देश
निगमायुक्त ने बिलहरी रोड, कलेक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से होकर सेंट्रल बैंक तक जाने वाले प्रमुख नालों सहित बरगवां क्षेत्र के नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा नालों की सफाई कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग एवं स्वच्छता अमले को दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए जलभराव की संभावनाओं को समाप्त किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
निगमायुक्त ने विगत वर्ष अतिवृष्टि से प्रभावित झिंझरी स्थित संतोषी माता मंदिर एवं बरगवां क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि इन क्षेत्रों में स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। संतोषी माता मंदिर क्षेत्र में निजी भूमि से पाइपलाइन निकालने के प्रस्ताव पर निगमायुक्त ने प्लॉट मालिक से समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलभराव वाले सभी चिन्हित स्थलों पर प्राथमिकता के साथ सुधार कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
नदी सफाई कार्य का भी लिया जायजा
भ्रमण के दौरान निगमायुक्त कटाए घाट पहुंचीं, जहां प्रयागराज से आई ट्रैश क्लीनर मशीन द्वारा नदी सफाई कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सफाई कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए नदी से निकलने वाले अपशिष्ट एवं चोई के शीघ्र उठाव के निर्देश जल प्रदाय विभाग को दिए। निगमायुक्त ने मशीन के माध्यम से किए जा रहे सफाई कार्य पर संतोष व्यक्त किया।
बरगी दायीं तट नहर परियोजना का निरीक्षण
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बरगी दायीं तट मुख्य नहर से शहर के लिए प्रस्तावित पेयजल आपूर्ति परियोजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम घिनौची के समीप उस स्थल का अवलोकन किया, जहां से नहर का पानी कटनी नदी तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घिनौची नाला कच्चा होने के कारण संभावित जल रिसाव को रोकने हेतु नाला पक्कीकरण, पाइपलाइन बिछाने, तकनीकी परीक्षण एवं आवश्यक ड्राइंग-डिजाइन तैयार करने की कार्रवाई शीघ्र की जाए।
निगमायुक्त ने कहा कि नगरवासियों को नर्मदा जल के रूप में सुरक्षित एवं स्थायी पेयजल उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए एनवीडीए एवं निगम अधिकारियों के समन्वय से सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed