मकड़जाल की तरह फैले झोलाछाप डॉक्टर, ग्रामीणों की जान से हो रहा खिलवाड़, कार्रवाई की मांग

(जय प्रकाश शर्मा)
मानपुर । जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम देवरी में एक कथित झोलाछाप चिकित्सक द्वारा बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और लाइसेंस के उपचार किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि संदीप साना नामक व्यक्ति बिना डिग्री और बिना पंजीकरण के मरीजों का इलाज कर रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार संबंधित व्यक्ति मरीजों को इंजेक्शन लगाने, दवाइयां देने तथा जरूरत पड़ने पर ग्लूकोज की बोतल चढ़ाने का भी कार्य करता है। आरोप है कि उसके पास दवाइयों का भंडारण भी किया गया है, जबकि बिना वैध अनुमति और आवश्यक योग्यता के इस प्रकार चिकित्सा सेवा प्रदान करना नियमों के विपरीत माना जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का लाभ उठाकर ऐसे झोलाछाप डॉक्टर वर्षों से सक्रिय हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है।

ग्रामीणों ने उमरिया कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय एवं स्वास्थ्य विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और वैधानिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
खंड चिकित्सा अधिकारी से नहीं हो सका संपर्क
इस संबंध में मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी एन.पी. जैसल का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।