पशु चिकित्सालय के दो परिचारकों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

(जय प्रकाश शर्मा)मानपुर। पशु चिकित्सालय मानपुर के परिचारक शिवदयाल वर्मा एवं देवरी पशु चिकित्सालय के परिचारक दरशु बैगा के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दोनों कर्मचारियों को उनके लंबे एवं समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
समारोह में शिवदयाल वर्मा एवं दरशु बैगा का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया तथा शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान दोनों कर्मचारियों की पत्नियां, परिजन, इष्ट मित्र, रिश्तेदार एवं गांव-मोहल्ले के लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और भावुक माहौल में उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।

वक्ताओं ने कहा कि दोनों कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के दौरान पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं कर्मचारियों ने स्वल्पाहार ग्रहण किया तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।
इस अवसर पर डॉ. अल्पना पटेल, डॉ. कीर्ति गोयल, एबीएफओ नारायण सिंह, लिपिक सुनील सिंह परिहार, विपिन चंद्र, आदर्श, दद्दी कोल, संस्कार सिंह, प्रदीप प्रजापति, कुलदीप द्विवेदी, अमर सिंह सहित पशु चिकित्सा विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।