वार्ड क्रमांक 13 के बांधमुड़ा कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट विस्तारीकरण कार्य का भूमि पूजन, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
गौरेला। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 स्थित बांधमुड़ा कॉलोनी में लंबे समय से स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए स्ट्रीट लाइट विस्तारीकरण कार्य का शुभारंभ आज विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे उपस्थित रहे। उनके साथ एल्डरमैन रामप्रकाश सिंह एवं बब्बू रोहणी, वार्ड पार्षद अमृता मरावी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) , इंजीनियर स्वप्निल मिश्रा शिव शर्मा, सचिन जैन,रवि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
विधि-विधान से भूमि पूजन के बाद स्ट्रीट लाइट विस्तारीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। 
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइट लगने से क्षेत्र में रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित होगा, दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी तथा असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा।
वार्ड पार्षद अमृता मरावी ने कहा कि बांधमुड़ा कॉलोनी के नागरिक लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। नगर पालिका द्वारा मांग को प्राथमिकता देते हुए कार्य प्रारंभ कराया गया है, जिससे वार्डवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराने की बात कही। भूमि पूजन के दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि स्ट्रीट लाइट विस्तारीकरण से कॉलोनी की सुरक्षा और सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही और सभी ने विकास कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की।