खबर: प्रमुखता से सड़क की समस्या प्रकाशित होने के बाद गोरखपुर पंचायत जागी, बिछवाई गई गिट्टी की बजरी
गौरेला: ग्राम गोरखपुर में सड़कों की बदहाली और मुरूम डलवाने के मामले में पंचायत की भूमिका को लेकर मीडिया में खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद, पंचायत प्रशासन ने मामले पर संज्ञान लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत गोरखपुर के सरपंच रामप्रकाश एवं उप सरपंच अफसर खान द्वारा खबर को संज्ञान में लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सरपंच और उप सरपंच के निर्देशानुसार, संबंधित वार्ड पंचों को बेलगहना – लब्बू टोला मार्ग एवं पंडरीपानी मार्ग पर गिट्टी की बजरी बिछवाने के लिए निर्देशित किया गया। इसके बाद, वार्ड पंच पति मोहम्मद शमीम के मार्गदर्शन में पंडरीपानी मार्ग पर गिट्टी की बजरी बिछवाई गई, जिससे मार्ग पर आवागमन सुगम हो सके।
वहीं, वार्ड पंच मोहम्मद इरशाद के मार्गदर्शन में बेलगहना – लब्बू टोला मार्ग पर भी गिट्टी की बजरी बिछवाने का कार्य कराया गया। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद पंचायत प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष है और उन्होंने इसे सकारात्मक कदम बताया है।