सेवा सेतु शिविरों में वार्ड स्तर पर पहुंचीं शासकीय सेवाएं, नागरिकों को मिला योजनाओं का लाभ छह केंद्रों पर लगे मेगा शिविर, महापौर, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण और हितलाभ वितरण

0

सेवा सेतु शिविरों में वार्ड स्तर पर पहुंचीं शासकीय सेवाएं, नागरिकों को मिला योजनाओं का लाभ

छह केंद्रों पर लगे मेगा शिविर, महापौर, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण और हितलाभ वितरण

कटनी, 4 अक्टूबर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत रविवार को शहर के छह स्थानों पर मेगा सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन दिए और शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविरों का आयोजन बस स्टैंड ऑडिटोरियम, स्वामी विवेकानंद सभागार, दुर्गा चौक खिरहनी, टीसी बजाज स्कूल माधवनगर उप कार्यालय, नगर निगम कार्यालय तथा खेरमाई मंदिर के पास लखेरा में किया गया। प्रत्येक केंद्र पर योजनावार काउंटर और हेल्प डेस्क बनाए गए थे, जहां नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। प्राप्त आवेदनों के पंजीयन और संबंधित शाखाओं को प्रेषण की प्रक्रिया जारी है तथा नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है।

कई योजनाओं के लिए हुई कार्रवाई

शिविरों में पीएम स्वनिधि, संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, नवीन नल कनेक्शन एवं जलकर, आईएचएसडीपी, भवन अनुज्ञा, फायर एनओसी, नामांतरण एवं कर निर्धारण, ट्रेड लाइसेंस सहित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन और प्रकरणों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग की गांव की बेटी योजना, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, आईटीआई तथा जिला रोजगार कार्यालय से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

महापौर ने किया शिविरों का निरीक्षण

नगर निगम कार्यालय में आयोजित शिविर के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न शिविर स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए नागरिकों से संवाद किया और योजनाओं का लाभ लेने में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। महापौर ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ

शिविर के दौरान महापौर श्रीमती सूरी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आनंद कुमार कुशवाहा, शैकत नियाजी, निखिल सेन, शोभा शर्मा, सरोज सिंह, राजा सक्तेल, अर्चना चौधरी, रमेश कुमार निर्मार्णी, राजबाई एवं रोहित भारती को हितलाभ प्रदान किया गया।

इसी प्रकार लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत कुमारी अश्वी पटेल, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत अशोक कुमार सोनी एवं चंपाबाई दहिया, जबकि मोहम्मद अकील को जल प्रदाय की एनओसी तथा अशोक कुमार बर्मन को मृत्यु प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

बस स्टैंड ऑडिटोरियम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने शिविर का निरीक्षण कर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया। अन्य शिविर स्थलों पर भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा हितलाभ का वितरण किया गया।

इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, उमेंद्र अहिरवार, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना राजकिशोर यादव, ओमप्रकाश बल्ली सोनी, रेखा संजय तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, सुखदेव चौधरी, विनोद लाला भट्टू, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, अनुराग त्रिसोलिया, पूर्व विधायक अलका जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर टोपनानी, रामरतन पायल, समाजसेवी पारस जैन, सुनील उपाध्याय, आशीष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं की जानकारी

सभी सेवा सेतु शिविरों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए। यहां पहुंचे नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही केंद्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी पोस्टर और बैनर के माध्यम से दी गई। नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को मिला स्वरूप

सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं नागरिकों के नजदीक उपलब्ध होने से उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ को ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘जन-विश्वास अभियान’ से जोड़ते हुए नागरिक-केंद्रित सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

शिविरों में उपायुक्त प्रियंका झरिया एवं शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, मृदुल श्रीवास्तव, सुनील सिंह सहित जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed