बृजलाल राठौर ने दिया अल्टीमेटम सौंपा ज्ञापन रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज नहीं बना तो 30 मई को होगा उग्र आंदोलन, 5000 लोग रोकेंगे ट्रेन
गौरेला (जीपीएम) | 21 मई 2026
बिलासपुर-कटनी मार्ग पर स्थित पेण्ड्रारोड स्टेशन (गौरेला) के गोरखपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग अब तेज हो गई है। लंबे समय से चल रही इस मांग को लेकर स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है।
किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक बृजलाल सिंह राठौर के नेतृत्व में नागरिक संघर्ष मंच और स्थानीय ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन को 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई, तो 30 मई 2026 को लगभग 5000 लोग रेलवे ट्रैक पर उतरकर उग्र ‘रेल रोको’ आंदोलन करेंगे।
इस संबंध में आज 21 मई को रेलवे जोन बिलासपुर के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) के नाम पेण्ड्रारोड स्टेशन के उप स्टेशन प्रबंधक (Dy. Station Manager) को एक ज्ञापन सौंपा गया है।
क्या है पूरी समस्या?
ज्ञापन में बताया गया है कि गोरखपुर रेलवे फाटक (द.पू.म.रे.) से हर घंटे ट्रेन गुजरती है, क्योंकि यहाँ तीन रेल लाइनें हैं। यह मार्ग गौरेला शहर को सीधे इन्दिरा गाँधी विश्वविद्यालय से जोड़ने वाला मुख्य अंतर्राज्यीय मार्ग है।
हर आधे घंटे में बंद होता है फाटक: ट्रेनों की भारी आवाजाही के कारण यह फाटक हर आधे घंटे में बंद हो जाता है, जिससे राहगीरों और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अंडरब्रिज है अनुपयोगी: फाटक से कुछ दूरी पर एक अंडरब्रिज का निर्माण किया गया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि वह पहुँचविहीन और 100% अनुपयोगी है।
पूर्व में भी किए गए कई निवेदन
स्थानीय प्रशासन और रेलवे को इससे पहले भी कई बार आवेदन और ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक ओवरब्रिज का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। रेलवे की इस अनदेखी के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और अब वे शांतिपूर्ण तरीके से बड़े आंदोलन के लिए मजबूर हो गए हैं।
30 मई को 5000 लोगों के साथ ‘रेल रोको’ आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिनों के भीतर कोई सकारात्मक आश्वासन या कार्यवाही नहीं होती है, तो शनिवार, 30 मई 2026 को लगभग 5000 ग्रामीण रेलवे फाटक पर ट्रेनें रोककर उग्र प्रदर्शन करेंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने में इनकी रही प्रमुख भूमिका:
इस ज्ञापन को सौंपने में किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक बृजलाल सिंह राठौर के साथ-साथ जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा, ग्राम पंचायत गोरखपुर के सरपंच ओमप्रकाश भारिया, जनपद सदस्य प्रतिनिधि कमलेश राठौर, पंच मुकेश चंद्रवंशी, उपसरपंच अफसर खान, समाजसेवी जयप्रकाश शिवदासानी, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष संदीप जायसवाल सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
आंदोलन को ग्राम पंचायत गिरवर, झगरखांड, धनौली, तेंदूमुड़ा, कोरजा, नेवासा, पेंड्रीपानी, दाहिबेहरा, अंधियारखोह, साल्हेघोरी और समस्त क्षेत्रवासियों का भी खुला समर्थन प्राप्त है। हस्ताक्षर अभियान के तहत सैकड़ों ग्रामीणों ने अपना समर्थन दर्ज कराया है। अब देखना यह है कि रेलवे प्रशासन इस अल्टीमेटम के बाद क्या कदम उठाता है।