पतंगों के जरिए बेटियों ने आसमान में लिखी अपने सपनों की कहानी महिला कांग्रेस के ‘मां तुझे सलाम, मेरी पतंग मेरी अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम में दिखी बेटियों की रचनात्मक उड़ान

0

पतंगों के जरिए बेटियों ने आसमान में लिखी अपने सपनों की कहानी
महिला कांग्रेस के ‘मां तुझे सलाम, मेरी पतंग मेरी अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम में दिखी बेटियों की रचनात्मक उड़ान


कटनी।। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर महिला कांग्रेस द्वारा बेटियों की सोच, सपनों और भावनाओं को अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से अनूठे कार्यक्रम ‘मां तुझे सलाम, मेरी पतंग मेरी अभिव्यक्ति’ का आयोजन किया गया। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा एवं मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने किया।
कार्यक्रम में 15 से 25 वर्ष की बेटियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। किसी पतंग पर सपनों की उड़ान दिखाई दी तो किसी पर बेटियों की आकांक्षाओं, भावनाओं और स्वतंत्र सोच का संदेश नजर आया। प्रतिभागियों ने स्वयं पतंगें तैयार कर उन पर अपने विचारों को उकेरा और वीडियो के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।


इस अभियान की खास बात यह रही कि प्रतिभागियों की बनाई गई पतंगों और उन पर लिखे संदेशों को QR कोड के माध्यम से अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कार्यालय, दिल्ली तक भेजा गया। यहां से अभियान के तहत विजेता प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। आयोजक रजनी वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 10 लाख रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा अन्य चयनित प्रतिभागियों को भी विभिन्न नगद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागी बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान बेटियों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली।
शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने कहा कि यह आयोजन केवल पतंग उड़ाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों को अपनी बात कहने, अपने सपनों को पहचान देने और अपनी रचनात्मकता को समाज के सामने रखने का मंच है। पतंग के माध्यम से बेटियों ने यह संदेश दिया कि उन्हें अवसर और आसमान मिले तो वे अपने सपनों को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती हैं।
कार्यक्रम में शशि यादव, श्वेता कटारे, आदिता वर्मा, रूपा तिवारी, रेखा तिवारी, सुनीता सोनी, लक्ष्मी रजक, वर्षा बेरा, मंगल सिंह, रमेश सोनी, अभिषेक शिवहरे, रॉबिन पीटर, दिलदार खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed