सेवा सहकारी समिति कोठिया केंद्र चंसुरा व उमरिया बकेली में अव्यवस्थाओं से किसान परेशान, प्रबंधक पर ढर्रेशाही के आरोप
उमरिया। सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोठिया केंद्र चंसुरा और सेवा सहकारी समिति मर्यादित उमरिया बकेली के गेहूं उपार्जन केंद्रों में भारी अनियमितता एवं अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है। किसानों ने केंद्र के प्रबंधक नागेंद्र मिश्रा पर ढर्रेशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।किसानों का कहना है कि उपार्जन केंद्रों में न तो ऑपरेटर नियमित रूप से मौजूद रहते हैं और न ही प्रबंधक। इससे गेहूं बेचने के लिए आने वाले किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। केंद्र में किसानों के बैठने के लिए टेंट की व्यवस्था नहीं है, वहीं पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव बताया जा रहा है।
इसके अलावा बारदाने की कमी के कारण गेहूं खरीदी कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों को बार-बार केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि व्यवस्थाओं की कमी के चलते उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि कलेक्टर राखी सहाय जी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गेहूं उपार्जन केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके बावजूद संबंधित केंद्रों में अव्यवस्था किसानों की परेशानी बढ़ा रही है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए और उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
इनका कहना हैं।
पनपथा उपार्जन प्रबंधक द्वारा घोर लापरवाही की शिकायत प्राप्त हुई है।पूरे मामले की जांच की जाकर प्रबंधक के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी
रोहित सिंह
जिला खाद्य अधिकारी
उमरिया