शिकायतों के बाद सांसद ज्योत्सना महंत ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण

0

अस्पताल में अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, मरीजों ने भी बताई समस्याएं; शासन स्तर पर मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन

गौरेला। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच सांसद ज्योत्सना महंत ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि जिला अस्पताल में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलने के कारण यह अस्पताल महज ‘रेफरल सेंटर’ बनकर रह गया है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने अचानक अस्पताल पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया।

सांसद के अस्पताल पहुंचने के समय मौके पर केवल एक जूनियर डॉक्टर उपस्थित मिला। सांसद ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय सेवाओं के संबंध में उपस्थित डॉक्टर से जानकारी ली। डॉक्टर द्वारा दी गई जानकारी से सांसद पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आईं और उन्होंने अस्पताल की वास्तविक स्थिति जानने के लिए वहां भर्ती एवं उपचार करा रहे मरीजों तथा उनके परिजनों से भी बातचीत की।

मरीजों से चर्चा के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर कई तरह की असंतुष्टियां सामने आईं। मरीजों ने उपचार, चिकित्सकों की उपलब्धता और अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़ी अपनी समस्याएं सांसद के सामने रखीं। मरीजों की शिकायतें सुनने के बाद सांसद ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चिंता व्यक्त की।

सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में सामने आई समस्याओं और अव्यवस्थाओं को शासन स्तर पर उठाया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी इस विषय को रखा जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

सांसद के औचक निरीक्षण के बाद जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में है। अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed