10 साल बाद बना दुर्लभ संयोग: गुरुपूर्णिमा पर छपड़ौर में विराजेंगे संतशरण जी महाराज, कल होगा भव्य महोत्सव

(जय प्रकाश शर्मा)
मानपुर। श्री श्री 1008 श्री संतशरण जी महाराज की पावन तपस्थली छपड़ौर आश्रम में बुधवार को गुरुपूर्णिमा महोत्सव पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस बार का आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि करीब 10 वर्षों बाद गुरुपूर्णिमा के अवसर पर श्री महाराज जी छपड़ौर आश्रम में विराजमान रहेंगे। इसे लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।
आश्रम परिवार के अनुसार, महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 9 बजे से श्री गुरुदेव भगवान के पूजन-अर्चन का शुभारंभ होगा, जो शाम 5 बजे तक निरंतर चलता रहेगा। श्रद्धालु दिनभर गुरु पूजन, दर्शन और आशीर्वाद का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आश्रम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है। सुबह 10 बजे से देर शाम तक चलने वाले भंडारे में सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था रहेगी।
भारी भीड़ की संभावना, विशेष व्यवस्थाएं
गुरुपूर्णिमा महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आश्रम समिति ने दर्शन, पूजन, भंडारा, पेयजल, बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि आयोजन सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
आश्रम परिवार ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर गुरु पूजन में सहभागी बनें, अनुशासन बनाए रखें और आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग करें।