3 साल से सड़क का इंतजार, कीचड़ और अंधेरे में जीने को मजबूर वार्ड-10 के लोग

(जय प्रकाश शर्मा)
मानपुर। नगर परिषद का वार्ड क्रमांक 10 आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जूझ रहा है। सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं नहीं होने से करीब 50 से 60 परिवारों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राकेश बैगा के घर से भैयालाल साहू के घर तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह जर्जर है, जिससे प्रतिदिन करीब 500 लोगों का आवागमन प्रभावित होता है।
वार्डवासियों का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से सड़क निर्माण की मांग लगातार की जा रही है। कई बार अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया, लेकिन आज तक न तो सड़क बनाई गई और न ही मार्ग पर मुरुम या डस्ट डालकर आवागमन लायक बनाया गया। इससे बरसात के दिनों में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है और लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है।
स्कूली बच्चों और मरीजों के लिए बनी मुसीबत
स्थानीय लोगों के अनुसार खराब सड़क का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। रोजाना बच्चे कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। दोपहिया वाहन चालक भी कई बार फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं।
वार्डवासियों का कहना है कि यदि किसी घर में अचानक कोई बीमार हो जाए और एंबुलेंस बुलानी पड़े, तो खराब सड़क के कारण वाहन का पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में आपात स्थिति में मरीज की जान तक जोखिम में पड़ सकती है।
औपचारिकता तक सीमित रही मरम्मत
स्थानीय लोगों का दावा है कि पूर्व सीएमओ के कार्यकाल में बरुहा नाला क्षेत्र में केवल एक-दो ट्रॉली डस्ट डलवाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई थी। इसके बाद दोबारा किसी प्रकार का सुधार कार्य नहीं कराया गया। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में आज भी सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है।
स्ट्रीट लाइटें बंद, अंधेरे में गुजरती हैं रातें
वार्ड क्रमांक 10 में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी बदहाल है। अधिकांश स्थानों पर लाइटें नहीं लगी हैं और जहां लगी हैं, वे लंबे समय से बंद पड़ी हैं। रात के समय अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बरसात के मौसम में जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में भय का माहौल रहता है।
रहवासियों ने प्रशासन से लगाई गुहार
वार्डवासियों ने उमरिया कलेक्टर एवं नगर परिषद की नवागत सीएमओ से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 10 की सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कर नई लाइटें भी लगाई जाएं। उनका कहना है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान होने से सैकड़ों लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें भी मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।