कोटमी बाजार में सराफा व्यापारी की हत्या से फैला आक्रोश पुलिस चौकी के पास हुई वारदात पर कांग्रेस मीडिया प्रभारी रईस खान ने कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

0

 

पेण्ड्रा के कोटमी बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की लूटपाट के बाद गोली मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। भरी बाजार और पुलिस चौकी के बेहद करीब हुई इस वारदात के बाद आम नागरिकों, व्यापारियों और राजनीतिक संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पहले सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी से लूटपाट की और विरोध करने पर उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

 

 

इस मामले को लेकर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रईस खान ने पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर घटना हुई वह अत्यंत व्यस्त बाजार क्षेत्र है और वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों द्वारा खुलेआम लूट और हत्या की वारदात को अंजाम देना प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट प्रमाण है।

 

रईस खान ने कहा कि प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और आम जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है। व्यापारियों में भय का वातावरण बन चुका है, लेकिन पुलिस व्यवस्था केवल कागजी दावों तक सीमित नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे भीड़भाड़ वाले बाजारों में भी हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम देने से नहीं डर रहे।

 

उन्होंने कहा कि यदि पुलिस की गश्त व्यवस्था मजबूत होती, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाती और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रहती, तो संभवतः इस प्रकार की घटना को रोका जा सकता था। कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, साथ ही व्यापारिक क्षेत्रों में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।

 

रईस खान ने मृतक व्यापारी प्रदीप सोनी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार को पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक व्यापारी की हत्या नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है।

 

घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में भारी रोष देखा जा रहा है। कई व्यापारिक संगठनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने आज पेण्ड्रा बन्द का आवाहन किया है और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed